टेंडर डालने पर रांची नगर निगम में जमकर बवाल, दो गुट आपस में भिड़े

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। टेंडर डालने को लेकर रांची नगर निगम में 15 दिसंबर को जमकर बवाल हुआ। दो गुट आपस में भिड़ गये। दोनों के बीच मारपीट भी हुई। टेंडर डालने पहुंचे ठेकेदारों को युवकों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान नगर निगम में अफरा-तफरी मच गई। अपना काम कराने आए लोग नगर निगम से भाग खड़े हुए।

जानकारी के मुताबिक नगर निगम में सुबह 10 बजे से टेंडर डाला जा रहा था। दोपहर 12.35 बजे तीन युवक टेंडर डालने पहुंचे। निगम की पहली मंजिल पर बाजार शाखा में बाहर मौजूद ठेकेदारों ने युवकों को टेंडर डालने से रोका। हालांकि वे नहीं माने। उन्होंने कहा कि उनके बॉस से बात कर लें। इसके बाद वहां खड़े ठेकेदारों ने तीनों युवकों को पीटना शुरू कर दिया। युवक भागकर ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे।

नगर निगम के परिसर के बाहर भी युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। बाहर गन्‍ना बेच रहे दो दुकानदारों से गन्‍ना लूटकर युवकों की पिटाई की गई। किसी तरह तीनों मौका पाकर भाग निकले। बवाल होने के बाद नगर निगम की बाजार शाखा के अधिकारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के पहुंचते ही टेंडर स्थल पर जमा लोग तितर-बितर हो गए।