छेड़खानी, उत्‍पीड़न और साईबर क्राइम के प्रति ग्रामीणों को जागरूक कर रही है पुलिस

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। गांव-गांव पुलिस पहुंचकर ग्रामीणों को जागरूक कर रही है। इस क्रम में जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चटनिया में स्थित मध्य विद्यालय के प्रांगण में सोमवार को पुलिस ने जागरुकता अभियान चलाया। इसमें मुख्य रूप से पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह और कांडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार उपस्थित हुए।

इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि महिला उत्पीड़न, लड़कियों से छेड़खानी, डायन-भूत, ओझा-गुणी, साईबर क्राइम के प्रति सभी सजग रहें। अपने बच्चों को निर्भिक और निडर बनाएं। यदि महिला और लड़कियों से कोई भी पुरूष रास्ते में, बाजार में या कहीं भी छेडख़ानी या कॉमेंट करें तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे तैयार है। घर में बीमार हुए व्यक्ति को ओझा गुनी के पास नहीं ले जाएं, बल्कि चिकित्सक से इलाज कराएं।

कांडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने कहा कि यदि आपके घर के आस-पास कोई नशा करता है तो उसे ऐसा करने से रोकें। क्योंकि अपराध, मारपीट व घरेलू हिंसा का मुख्य कारण नशा ही है। आस पड़ोस में अवैध शराब की बिक्री या अन्य किसी भी प्रकार का अवैध धंधा हो रहा हो तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देनेवाले का नाम गुप्त रखा जायेगा।

मौके पर एसआई सुमन कुमार शर्मा, मुखिया रामजी यादव, पंचायत स्वयं सेवक सत्येंद्र राम, वार्ड सदस्य राजनाथ यादव, श्रवण साह, राजेश रजवार, राजेंद्र उरांव, बिफनी कुवंर, विनोद चौधरी, राजनाथ शर्मा सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।