खूंटी। कोरोना काल के दौरान अपने घर वापस लौटे प्रवासियों और लॉकडाउन के दौरान बदहाली की स्थिति में पहुंचे गरीबों की सेवा के लिए टाटा ट्रस्ट और टाईटन के आर्थिक सहयोग से सिनी, नवभारत जागृति केंद्र और मुरहू नारी शक्ति किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सामने आई है। इन संस्थाओं द्वारा मिशन गौरव नामक परियोजना शुरू की गई है। मुरहू और खूंटी प्रखंडों में सर्वे कर इन संस्थाओं ने ऐसे 10,007 लोगों की सूची तैयार की है। अब इनकी मदद करने का काम शुरू किया जा रहा है। इसके लिए लोबिन बगान रोड नंबर दो में सोमवार को इन संस्थाओं ने सेवा केंद्र खोला। इसका उदघाटन लोक सेवा समिति के झारखंड के अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने किया।
संगठित होकर काम करना होगा
मौके पर विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए संगठित होकर काम करना होगा, तभी विकास की परिकल्पना की जा सकती है। सबको मिलजुल कर विकास को गति देनी होगी। उन्होंने कहा कि सामूहिकता के बल पर काम करने में आज दीदीयां-दादाओं से आगे निकल गई हैं। उनके द्वारा ग्रामीण विकास मंत्री रहते हुए राज्य में विकास के साथ महिलाओं को जोड़ने का काम किया गया। यही कारण है कि आज जोहार, एमकेएसपी जैसी परियोजनाऐं आज राज्य में लागू है।
योजनाएं ठप पड़ी है
किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने, भूगर्भीय जलस्तर को बढ़ाने और लोगों को रोजगार मुहैया कराने के लिए 200 करोड़ रुपये की लागत से जलछाजन की पांच योजनाऐं प्रारंभ कराई। विधायक ने अफसोस जताया कि वर्तमान सरकार के काम पिछले सात-आठ महीने से धरातल पर नजर नहीं आ रही है। सारी योजनाएं ठप पड़ी है।
सामूहिक प्रयास से हो रहे हैं काम
नवभारत जागृति केंद्र के ईडी गिरजा सतीश ने कहा कि एनबीजेके पिछले 30 सालों से खूंटी में काम कर रही है। तब यहां के किसान सब्जी की खेती नहीं करते थे, लेकिन संस्था द्वारा किये गए सकारात्मक प्रयास के बल पर आज जिले के हर गांव में सब्जी की खेती होने लगी है। उन्होंने कहा कि गांवों के किसानों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए भी सामूहिक प्रयास किया गया, जिसमें सफलता मिली है।
मिशन गौरव की जानकारी दी
सिनी के समन्वयक सोमनाथ दास ने मिशन गौरव के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इस मिशन के माध्यम से प्रवासी श्रमिक और गरीबों का मार्गदर्शक बन उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उनके कौशल का विकसित किया जाएगा। गांव और प्रखंड में समन्वय स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रम में एनबीजेके, खूंटी के शाखा प्रबंधक मोहित कुमार पूर्ति, दयामनी नाग, मिथिला देवी, अनिल हस्सा, मनोहर टूटी, देवा हस्सा, आशीष तिग्गा, अविजित माल, प्रवीण कुमार, प्रियंका, रोशनी, ज्योति, सिसिलिया आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।