जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्‍कान लाने आगे आ रहे हैं संगठन

झारखंड सरोकार
Spread the love

  • क्रेडाई ने 50 हजार बच्चों को गर्म कपड़े देने की पेशकश की
  • डोरंडा ओल्ड जेवियरियन ने बुजुर्गों के लिये दिये 1000 कंबल

रांची। सामाजिक सहभागिता से जरूरतमंदों को इस सर्दी में गर्म कपड़े उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की सामुदायिक पहल से कई सामाजिक संगठन जुड़ रहे हैं। पिछले हफ्ते जिले के विभिन्न 20 सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर यह अनूठा अभियान शुरू किया था। इसके बाद रोज नए संगठन और आम नागरिक इस अभियान से जुड़ रहे हैं।

बुधवार को रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन (क्रेडाई) की रांची शाखा भी स्वैच्छिक रूप से इस मुहिम में भागीदार बनी। उक्त संस्था रांची जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले अंत्योदय परिवारों के बच्चों को 50,000 गर्म टोपी मोजा आदि उपलब्ध कराएगी। क्रेडाई रांची के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने रांची उपायुक्त छवि रंजन के आग्रह पर स्वैच्छिक रूप से अपनी संस्था की ओर से उपरोक्त जिम्मेदारी ली। श्री अग्रवाल ने उपायुक्त को प्रतीकात्मक रूप में गर्म मोजे और गर्म टोपियों के कुछ पैकेट उपलब्ध कराए। डोरंडा ओल्ड जेवेरियंस (डोक्स) वर्ष 1995 बैच के पूर्व छात्रों ने इस अभियान में अपनी सहभागिता स्वरूप सामूहिक रूप से 1000 कंबल उपायुक्त को सौंपे। इस दौरान उप समाहर्ता संजय कुमार, डोरंडा ओल्ड जेवेरियंस  के सदस्य डॉक्टर नीतेश प्रिया, उत्सव पाराशर, कालीचरण अग्रवाल, नितेश शारदा, अंकुर जैन, हितेन परमार आदि मौजूद थे।