झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में देंगे व्याख्यान

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में व्‍याख्‍यान देंगे। फरवरी, 2021 में व्याख्यान देने के लिए उन्‍हें यूनिवर्सिटी ने आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री ने उनका निमंत्रण स्वीकार लिया है। मुख्यमंत्री झारखंड में आदिवासी अधिकार, सतत विकास, कल्याणकारी नीतियों और कोरोना संक्रमण काल में राज्य सरकार द्वारा किये गए कार्यों पर अपनी बात रखेंगे।

श्री सोरेन झारखंड के पहले मुख्यमंत्री होंगे, जिन्हें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में व्याख्यान देने के लिए निमंत्रण दिया गया है। इससे पहले विश्व पटल पर आदिवासियों के मुद्दों को भी रखा जाएगा। कोरोना काल में हेमंत सोरेन के प्रयास से प्रवासी श्रमिकों को स्पेशल ट्रेन के अलावा हवाई जहाज से घर वापस लाया गया। इसकी देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी सराहना हुई। इसके अलावा आदिवासी बहुल झारखंड जैसे राज्यों में जनजातीय विकास के लिए शुरू की गयी योजनाओं से भी राज्य सरकार की देशभर में सराहना हो रही है। इन सारी बातों की जानकारी मुख्यमंत्री अपने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में व्याख्यान में देंगे।

बतातें चलें कि हार्वर्ड यूनिवर्सिटी अमेरिका में उच्च शिक्षा का सबसे पुराना संस्थान है। वर्तमान में इसकी दस शैक्षणिक ईकाईयां हैं। वर्ष 2010 में इस विश्वविद्यालय में 2100 से अधिक फैकल्टी सदस्य हैं। इसके डिग्री प्रोग्राम में हर वर्ष 21 हजार विद्यार्थी दाखिला लेते हैं। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में इस समय करीब 7000 विदेशी छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं।