प्याज व्यापारियों को तोहफा, एक जनवरी से निर्यात से हटा प्रतिबंध

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्याज के व्यापारियों को नये साल से पहले तोहफा दिया है। सरकार ने 1 जनवरी, 2021 से प्याज की सभी किस्मों के निर्यात से प्रतिबंध को हटा लिया है। प्याज की ‘बेंगलोर रोज’ और ‘कृष्णपुरम प्याज’ किस्मों के निर्यात पर लगा प्रतिबंध भी एक जनवरी से हट जाएगा। सरकार ने प्याज की इन दो किस्मों के निर्यात पर नौ अक्तूबर 2020 को रोक लगाई थी।

केंद्र सरकार ने 14 सितंबर, 2020 को प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर रोक लगा दी थी। देश में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने और घरेलू बाजार में लगातार बढ़ती कीमत को नियंत्रित करने के लिए यह फैसला लिया था। दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश के चलते इस बार प्याज की फसल को खासा नुकसान हुआ है। इसके चलते घरेलू बाजार में प्याज की कीमतें भी काफी बढ़ गई थीं।

भारत ने अप्रैल से जून के बीच करीब 19.8 करोड़ डॉलर के प्याज का निर्यात किया है। पिछले साल 44 करोड़ डॉलर के प्याज का निर्यात किया गया था। भारत से सबसे ज्यादा प्याज का निर्यात श्रीलंका, बांग्लादेश, मलयेशिया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को होता है।