पूर्व मंत्री ने हेमंत सोरेन पर साधा निशाना, बलात्कार नहीं रोक सकते तो पहन लें चूड़ी

झारखंड
Spread the love

रांची । पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी ने राज्‍य में हो रही बलात्‍कार की घटना को लेकर मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा कि वे बलात्‍कार नहीं रोक सकते हैं तो चूड़ी पहन लें। डॉ मरांडी 9 दिसंबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस से बात कर रही थीं।

डॉ मरांडी ने कहा कि राज्य में बलात्कार की घटना कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। संथाल परगना के दुमका जिले के मुसफिल थाना में आदिवासी महिला के साथ 17 युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने राज्य को फिर एक बार शर्मशार किया है। मंगलवार को हाट से लौट रहे दंपति को युवकों ने बंधक बना लिया। घर से कुछ दूरी पर ही सूनसान इलाके में अपराधियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्‍कर्म की घटना को अंजाम दिया।

पूर्व मंत्री ने कहा कि अपराधियों ने शाम सात बजे से बारी-बारी से करीब 12 बजे रात तक महिला के साथ दुष्कर्म किया। हेमंत सोरेन की सरकार बनने के बाद जिस तरह से संथाल परगना में आये दिन आदिवासी बच्ची, महिला, साध्वी से बर्बरतापूर्ण अमानवीय घटना हो रही है, उससे वहां डर का माहौल है। कोई भी माता-पिता अपने बच्चियों को घर से बाहर बाजार-हाट भेजने में कतरा रहे है। हेमंत सोरेन की सरकार बनाने के बाद 1300 से भी अधिक दुष्कर्म की घटनाएं हुई है। आंकड़ा देखा जाए तो प्रतिदिन 5 महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटना घटित हो रही है।

डॉ मरांडी ने कहा कि भाजपा मांग करती है कि पीड़िता का 164 का बयान लिया जाए। पीड़ित महिला का मेडिकल बोर्ड के माध्यम से जांच कराई जाए। पीड़िता एवं उसके परिवार को पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। पीड़िता को सरकारी आर्थिक सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा कि आदिवासी समाज के नाम पर राजनीति करने वाली हेमंत सोरेन की सरकार में आदिवासी ही सुरक्षित नहीं है। राज्य में जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार एवं दुष्कर्म की घटना में बढ़ोतरी हुई है, वह राज्य सरकार की नपुंसकता को दर्शाता है। इस बर्बरतापूर्ण घटना के खिलाफ महिला मोर्चा कल दुमका में सिद्धो-कान्हो की प्रतिमा और रांची में मोरहाबादी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा के सामने एकदिवसीय धरना देगी। मौके पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक भी उपस्थित थे।