खलिहान में सो रहे दो लोगों की जलने से मौत, तीन जख्‍मी, एक रेफर

झारखंड
Spread the love

गिरि‍डीह। खलिहान में सो रहे बुजुर्ग समेत दो की जलने से मौत हो गई। तीन बच्‍चे जख्‍मी हो गये हैं। उनका इलाज अस्‍पताल में चल रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक पीड़ि‍त के घर पहुंचे। घटना की जानकारी ली। मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया।

घटना जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के चिरकीडीहा में घटी। यहां खलिहान में आग लगने की वजह एक बुजुर्ग और एक बच्चे की जलने से मौत हो गई। तीन बच्चे जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक को बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर कर दिया गया। घटना सोमवार की देर रात आग तापने के दौरान घटी। घटना की सूचना के बाद पुल‍िस मौके पर पहुंची। मामले की जांच में जुट गई है।

मृतकों में 60 साल के छोटू हेम्ब्रम और उसका 13 वर्षीय रमेश हेम्ब्रम शामिल है। रिश्‍ते में वे नाना-नाती थे। वहीं गंभीर रूप से झुलसे लोगों में मनीष हेम्ब्रम, राजेश हेम्ब्रम और शिकरा हेम्ब्रम शामिल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक सुदिव्य कुमार सोनू मृतकों के घर पहुंचे। परिजनों से घटना की जानकरी ली। इस दौरान विधायक ने परिजनों को आपदा प्रबधन फंड से 4-4 लाख मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी लोग रात में खलिहान में सोये थे। सर्दी से बचने के लिए आग जलाई गई थी। सभी लोग गहरी नींद में थे। इसी दौरान आग खलिहान तक पहुंच गयी। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। फिर, खलिहान में सो रहे पांच लोग आग की चपेट में आ गए। चीख पुकार सुनने पर लोग ने सभी को बाहर निकाला।