जल संरक्षण के लिए आगे आये क्रिकेटर, श्रमदान कर बनाया बोरीबांध

झारखंड
Spread the love

खूंटी। जिले में जलसंरक्षण को लेकर हर वर्ग सामने आने लगा है। जिला प्रशासन और सेवा वेलफेयर सोसाईटी के संयुक्‍त तत्‍वावधान में चलाये जा रहे जनशक्ति से जलशक्ति अभियान से जुड़कर राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ियों ने भी श्रमदान कर बोरीबांध का निर्माण किया। खूंटी क्रिकेट एकेडमी के कोच सह सेवा वेलफेयर सोसाईटी के बोर्ड डायरेक्टर देवा हस्सा के नेतृत्व में एकेडमी के खिलाड़ी और सदस्यों ने बोरीबांध बनाने का काम किया। इसके बाद क्रिकेटरों ने उसी स्थान पर पिकनिक मनाकर वर्ष 2020 को विदा किया।

पांडू गांव में बनाये गए बोरीबांध

मुरहू प्रखंड क्षेत्र की बिचना पंचायत के पांडू गांव में ग्रामसभा से अनुमति प्राप्त करने के बाद खिलाड़ियों ने गांव के बरसाती नाले पर दो बोरीबांध बनाया। इस बांध के किनारे किसानों ने पहले से ही सब्जी की खेती की है। बांध बनने के बाद गांव के किसान यहां तरबूज समेत अन्‍य सब्जी की खेती करेंगे। इन बांधों से लगभग आठ से दस एकड़ खेतों का पटवन हो सकेगा। इसके साथ ही गांव के लोगों को नहाने-धोने को पानी भी मिल सकेगा।

देवा हस्सा ने कहा

खूंटी जिले में सालों से ग्रामीण जल संकट से जुझ रहे हैं। भूगर्भ जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है। सिंचाई और पशुपालन में सबसे बड़ा बाधक पानी की किल्लत है। ऐसे में जल संरक्षण एक महत्वपूर्ण विषय है। इसके बल पर खूंटी को खुशहाल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खूंटी में जारी जनशक्ति से जलशक्ति अभियान से हर वर्ग के लोग जुड़ने लगे हैं। पानी का महत्व लोग समझ रहे हैं। गांव-गांव में बोरीबांध बनाकर जल संरक्षण किया जा रहा है।

श्रमदान करने वालों में ये शामिल

राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी रामधीश प्रसाद, मीत जैन, युवराज मुंडा, रोहित कुमार, अंकुर मिश्रा के अलावा कोच देवा हस्सा, विकास मिश्रा, रोहित केरकेट्टा, दानियल गुड़िया, आशीष तिग्गा, अनमोल बागे, संतोष महतो, उमाकांत मुंडा, विजय भेंगरा, बिरसा भेंगरा, संजय टूटी, आकाश मुंडा, रामवीर प्रसाद, हर्षवर्द्धन सिंह, मक्खन कुमार साहू, अभिनव कुमार, आयुष नायक, अनिकेत प्रताप, आलोक अर्पण होरो, अमित किड़ो, विनय पाहन समेत गांव के चार-पांच युवाओं ने भी श्रमदान किया।