अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत और भारतीयता को मजबूत किया : सौदान सिंह

झारखंड
Spread the love

रांची। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को प्रदेश के 29 हजार बूथों पर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाए। कार्यकर्ताओं ने उनकी चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा की।

सभी 513 मंडलों में किसान सम्मान निधि हस्तांतरण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में शामिल हजारों किसानों ने एलईडी, प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन‍ किया। प्रधानमंत्री ने देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के बीच 18 हजार करोड़ रुपये से ज्‍यादा की राशि हस्‍तांतरित की।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कहा कि स्‍व. अटल मां भारती के सच्चे सपूत थे। उन्होंने जीवन पर्यंत अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से भारत और भारतीयता को मजबूत किया।

कवि हृदय स्व. अटल ने ना सिर्फ पार्टी को नई ऊंचाई दी, बल्कि देश की राजनीति को भी एक नई दिशा दी। भारत के विदेश मंत्री, नेता प्रतिपक्ष या प्रधानमंत्री सभी पदों पर उनके द्वारा किये गए कार्य भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित हैं।

झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज नई ऊंचाइयों को छू रहा है। गांव, गरीब, किसान की सेवा के साथ अंत्योदय के लक्ष्य को पूरा करने में भाजपा सरकार दिनरात जुटी है।

श्री सिंह ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने एवं किसानों को कर्ज से मुक्त कराने की दिशा में किसान सम्मान निधि का हस्तांतरण एक क्रांतिकारी कदम है। इससे देश के 9 करोड़ किसानों को लाभ हुआ है। इसमें झारखंड के लगभग 30 लाख किसान भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है।

नए कृषि कानून पर बोलते हुए श्री सिंह ने कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर कांग्रेस पार्टी और वामपंथी पार्टियां अपना राजनीतिक रोटी सेंक रही हैं। देश का किसान कृषि सुधार कानूनों के विरोध में नहीं है। ये पार्टियां उन्हें दिग्भ्रमित करने में जुटी है। इनके साथ महंगे कारों के ऊपर बैठकर बेदाम हलवा खाने वाले छद्म किसान हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सूर्यमणि सिंह ने कहा कि स्‍व. अटल के शासन में ही गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सार्थक पहल हुई। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से गांव के विकास को गति मिली। शहर और गांव की दूरी घटी, गांव से पलायन रुकने लगा।

प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से किये वायदों को पूरा करने में विफल साबित हुई है। मोदी सरकार ने किसान सम्मान निधि देकर किसानों को मजबूत किया है। धान की एमएसपी देना हो या किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा, बैंकों से कृषि ऋण की उपलब्धता हो या जमीनों के दस्तावेज का डिजिटल करना सभी दिशा में केंद्र सरकार गांव गरीब किसान को मजबूत करने केलिये कार्य कर रही है।

इस अवसर पर स्‍व. वाजपेई की कविताओं का पाठ प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक एवं वरिष्ठ नेता कमाल खान ने किया। धन्यवाद किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने किया। स्वागत रातू के किसान शिवचरण उरांव, मांडर के रामप्रताप साही, लालगंज कांके के विजय पोद्दार, तमाड़ के विकेश्वर महतो, ओरमांझी के नारायण महतो, रतिलाल महली, बूटाई महतो, मोहर महतो, हरिप्रसाद महतो ने किया।

कार्यक्रम में हेमंत दास, प्रेम मित्तल, लक्ष्मीचंद्र दीक्षित, रवि भट्ट, रमेश पुष्कर, राहुल अवस्थी, अमरनाथ चौधरी, मनोज गुप्ता, ललित ओझा, उमेश रंजन साहू, अजय जायसवाल सहित सैकड़ों की संख्या में किसान शामिल थे।