जमशेदपुर। पिकनिक मनाने आ रहे 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। खड़ी ट्रक में टक्कर मारने से हादसा हुआ। इसमें कार के परखच्चे उड़ गये। इस घटना में एक बच्चा घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सोमवार को जमशेदपुर के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के नीमडीह में दड़ुवा के पास घटी। यहां छोटू होटल के समीप एनएच-33 पर एक तेज रफ्तार कार ने खड़ी ट्रक को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है। सभी शव गाड़ी में फंस गए थे। घटना पर पहुंची इचागढ़ पुलिस ने कार को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला।
घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी लोग दशम फॉल घूमने जा रहे थे। मृतक सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर के मांझी टोला के रहने वाले थे। मृतकों में ममता, मधु, अमन और अवध किशोर शामिल हैं।
आदित्यपुर के मांझी टोला के रहने वाले प्रभात टाटा स्टील में मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि मृतक अवध किशोर उनके ममेरे साले हैं। सभी लोगों ने दशम फॉल में पिकनिक जाने की योजना बनाई थी। इसके बाद यह लोग दो कार से दशम फॉल जाने के लिए निकले थे।
प्रभात कुमार की कार पीछे थी। उसके आगे अवध कुमार की कार चल रही थी। गाड़ी अमन चला रहा था। छोटू होटल के पास एक ट्रक खड़ी थी। इसी में कार ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना में एक बच्चा घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।