दीपावली पर शहीद के परिजनों को किया गया सम्मानित

झारखंड
Spread the love

  • विभिन्न प्रखंडों में शहीद के परिजनों से मिले पदाधिकारी
  • शॉल, मिठाई और दीपक देकर किया गया सम्मानित

रांची । दीपावली पर रांची जिले में शहीद के परिजनों को सम्मानित किया गया। रांची उपायुक्त छवि रंजन के निर्देश पर विभिन्न प्रखंडों में जिला प्रशासन के प्रतिनिधि के तौर पर संबंधित पदाधिकारियों ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर अलग-अलग प्रखंडों में शहीद के परिजनों को शॉल, मिठाई और दीपक दिया गया।

नामकुम प्रखंड में कीर्ति चक्र से सम्मानित शहीद नायक विश्वा केरकेट्टा की पत्नी को सम्मानित किया गया। चान्हो प्रखंड में वीर शहीद बुधु भगत के वंशजों से मिलने प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी पहुंचे। यहां शहीद के परिजनों को दीपावली के अवसर पर मिठाई और दीपक दिए गए। चान्हो प्रखंड के चोरेया में शहीद अभिषेक, तरंगा में शहीद मंगरा उरांव और नावाडीह में शहीद जयप्रकाश के परिजनों से भी पदाधिकारियों ने मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।

ओरमांझी प्रखंड के जावाबेड़ा में शहीद सोनाराम महतो, अमर शहीद टिकैत उमराव सिंह और शहीद अनिल लिंडा के परिजनों से प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मुलाकात की। मिठाई एवं दीपक प्रदान कर दीपावली की शुभकामनाएं दी। राहे प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी और थाना प्रभारी द्वारा बसंतपुर गांव में  शहीद के परिजनों को दीपावली पर मिठाई और दीपक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बुंडू के परमडीह में शहीद विष्णु महतो के परिजनों को भी दीपावली के मौके पर सम्मानित किया गया। सोनाहातू प्रखंड के कुकरू बाजार में नक्सली हमले में शहीद हुए तेलवाडीह पंचायत के स्वर्गीय धनेश्वर महतो की पत्नी को सम्मानित किया गया। अनगड़ा प्रखंड में भी अमर शहीद शेख भिखारी के वंशज शेख हरखू के परिवारों को सम्मानित किया गया।

लापुंग प्रखंड में शहीद दाऊद बारला बकाकेरा पुतरी टोली की बहू श्रीमती शीलबिया बारला को दिवाली के अवसर पर शॉल और मिठाई प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कांके प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा शहीद दिनेश भगत के परिजनों को मिठाई एवं दीपक देकर दीपावली की शुभकामनाएं दी गई। बेड़ो प्रखंड के बारीडीह में स्वतंत्रता सेनानी स्व सोमरा टाना भगत के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विभाग के पदाधिकारियों द्वारा आदरणीय पदमश्री सिमोन उरांव को भी सम्मानित किया गया।