विकास के लिए विधानमंडल को जिम्मेदार माना जाता है : राज्‍यपाल

झारखंड
Spread the love

  • झारखंड विधानसभा का 20वें स्‍थापना दिवस

रांची । झारखंड विधानसभा के 20वें स्थापना दिवस पर हर्ष की अनुभूति हो रही है। इस अवसर पर राज्य के वीर सपूतों को नमन। हम सभी के लिए उपलब्धियों पर खुश एवं कमियों पर मंथन करने का समय है। विधानसभा से लोगों की अपेक्षाएं हैं। जनता विकास कार्यों की समीक्षा करती है। विधानसभा ने विगत 20 वर्ष में कई विकास कार्य किये हैं। हमें दलगत भावना से उपर उठकर कार्य करने की जरूरत है। जनता अपने जनप्रतिनिधि का चयन अपेक्षाओं के साथ करती है। विकास के लिए विधानमंडल को जिम्मेदार माना जाता है। यह याद रखना चाहिए। ये बातें राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड विधानसभा की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही।

विकास में विधानसभा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्रनाथ महतो ने कहा कि आज हम झारखंड विधानसभा की 20वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। यह अवसर है आंकलन का है कि विधानसभा के मापदंड और आदर्शों को जीवंत रखने में कितने सफल हो सके। सर्वोच्च पंचायत के रूप में विधानसभा ने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है। वर्तमान नेतृत्व जनाकांक्षाओं को पूर्ण करने में सफल होगी।

झारखंड अपने अंदर नव ऊर्जा लेकर बढ़ रहा है

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड अपने अंदर नव ऊर्जा समाहित कर आगे बढ़ रहा है। इस राज्य की चुनौतियों को खत्म करने के लिए यह ऊर्जा कारगर साबित होगी। राज्य के अंदर संसाधन मौजूद हैं, जिसके बल पर झारखंड को विश्व स्तर पर पहचान दी जा सकती है। झारखंड की आंतरिक व्यवस्था को अवसर में बदलने का मौका है। इसके लिए सुंदर, अनुशासित और शांतिप्रिय व्यवस्था स्थापित करना होगा। तभी लोगों का आकर्षण राज्य की ओर बढ़ेगा। हम जो सपना देखते हैं, वह पूर्ण भी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर समाज की परिकल्पना कानून थोप कर नहीं की जा सकती। हमें खुद यह कार्य करना होगा। तभी हम आगे बढ़ पाएंगे।

टॉपर्स को मिला सम्मान

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने मैट्रिक टॉपर मनीष कुमार कटियार, इंटरमीडिएट विज्ञान टॉपर अमित कुमार, इंटरमीडिएट वाणिज्य टॉपर सुभम कुमार ठाकुर व रूपा कुमारी और इंटरमीडिएट कला टॉपर नंदिता हलपाल को सम्मानित किया।

शहीद के परिजन हुए सम्मानित

राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने अमर शहीद एएसआई गोवर्द्धन पासवान, आरक्षी युधिष्ठिर मलवा, आरक्षी मनोहर हांसदा, आरक्षी धनेश्वर महतो, आरक्षी अखिलेश राम, आरक्षी खंजन कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक सुकरा उरांव, गृहरक्षक यमुना प्रसाद, गृहरक्षक सकेन्द्र सिंह, गृहरक्षक शम्भू प्रसाद साहू, आरक्षी लाकिंदर मुंडा, चंद्राय सोरेन, रविनाथ सोरेन, लेफ्टिनेंट अनुराग शुक्ला, नायक सूबेदार प्रबीर कुमार, सिपाही संतोष गोप, सिपाही कुंदन कुमार ओझा, सिपाही गणेश हांसदा, सिपाही अभिषेक कुमार, हवलदार विजय सोरेन के परिजनों को सम्मानित किया।

कोरोना वारियर्स के रूप में विजय बिहारी प्रसाद, अखिलेश कुमार सिन्हा और अन्य को भी सम्मानित किया गया।

उत्‍कृष्‍ट विधायक का सम्‍मान मिला

राज्यपाल ने विधायक नलिन सोरेन को उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से अलंकृत किया। विधानसभा स्मारिका का विमोचन किया गया। स्मारिका में विगत 20 वर्ष के विधायी आंकड़ों को समायोजित किया गया है।

ये भी थे मौजूद उपस्थिति

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री बन्‍ना गुप्‍ता, सत्‍यानंद भोक्‍ता, उत्कृष्ट विधायक नलिन सोरेन, भाजपा के मुख्य सचेतक विरंची नारायण, मंत्री, विधायक सहित अन्य उपस्थित थे।