दीपावली के पावन अवसर पर लखदातार को कराया गया महास्नान

झारखंड
Spread the love


रांची । झारखंड की राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित निज मंदिर खाटु श्याम जी में दीपावली पर श्री श्याम प्रभु को महास्नान कराया गया। महास्नान के बाद लखदातार का तिलक किया गया। दीपावली के लिए बनाए गए विशेष नवीन वस्त्र (बागा) धारण कराया गया। स्वयं निर्मित पुष्पों के गजरों से खाटु वाले श्री श्याम प्रभु का अलौकिक श्रृंगार किया गया।

शाम 5 बजे बाबा के दरबार में घी के रजत दीप प्रज्ज्वलित कर श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका ने मुख्य मंड द्वार पर डेली (चौखट) पूजन किया। मंडल के सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने भी सपरिवार रजत दीप प्रज्ज्वलित कर श्याम प्रभु से मंगलकामना की।

नगर के सभी श्याम भक्तों ने भी बाबा के दरबार में घी के दीपक क्रमवार सरकारी दिशा-निर्देश का पालन करते हुए प्रज्ज्वलित किया। सभी भक्तों ने आचार्यो द्वारा विशेष भेट एवं मोदक प्रसाद प्राप्त किया।

भक्त इस पावन दिन का वर्ष भर इंतजार करते हैं। उन्‍होंने बाबा के मुख्य द्वार पर माथा टेके। बाबा के मुख्य केंद्र स्थल श्री खाटु-धाम की परंपरा के अनुसार ही यह सभी अनुष्ठान रांची के निज मंदिर खाटु श्याम जी में भी आयोजित किया जाता है।

इस अवसर पर संपूर्ण मंदिर को रंग बिरंगे विद्युत सज्जा से सजाया गया था। सुव्यवस्थित तरीके से सरकारी गाइडलाइंस के अनुसार भक्‍तों को दर्शन एवं दीप प्रज्जवलित कार्यक्रम का संचालन करने में मंडल के उपाध्यक्ष अशोक लडिया, मनोज खेतान, अरूण राजगढ़िया, कृष्ण कुमार अग्रवाल, राजेश ढांढनिया सहित अन्य का योगदान रहा।

श्री श्याम मित्र मंडल के महामंत्री ने बताया कि इसी माह बाबा का जन्मदिन भी 25 नवंबर को है। बाबा का जन्मोत्सव भी सरकारी दिशा-निर्देश के अनुसार धूमधाम से मनाया जाएगा।