हेमंत बजा रहे थे बांसुरी, छठ घाट पर नक्सली कर रहे थे अपनी ड्यूटी : भाजपा

झारखंड
Spread the love

  • जनता लगाई थी आस, मुख्यमंत्री साथ मानते त्योहार

रांची । लातेहार में छठ घाट पर हुई नक्‍सली वारदात को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार को निशाने पर लिया है। पार्टी के प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि राज्य में भय एवं खौफ व्याप्त है। आज सरकार अपराधियों और उग्रवादियों के सामने नतमस्तक है। छठ महापर्व के शुभ अवसर पर भी झारखंड की जनता को राहत नहीं है। खुलेआम सिमरिया थाना क्षेत्र में छठ घाट पर उग्रवादियों द्वारा एक कोयला व्यवसायी मुकेश गिरी की निर्मम हत्या गोलियों से की गई। यह इस बात का प्रमाण है कि झारखंड सरकार की विधि व्यवस्था चरमरा चुकी है।

श्री सिंह ने कहा कि राज्य में उग्रवादियों ने तांडव मचा दिया है। राज्य के मुख्यमंत्री चैन की बंशी बजा रहे हैं। छठ जैसे महापर्व पर मुख्यमंत्री को राज्य की जनता के साथ रहना चाहिए था। ठीक उसके उल्ट मुख्यमंत्री नेतरहाट में मस्ती करते नजर आए। इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि 10 माह की हेमंत सरकार ने अपराधी और उग्रवादियों के सामने घुटने टेक दिए हैं। आज अपराधी और उग्रवादियों का दुस्साहस चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में बढ़ते अपराध एवं उग्रवाद पर चिंता व्यक्त करते हुए कड़ा रोष व्यक्त करती है। पार्टी ने बढ़ते अपराध एवं उग्रवादी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।