स्‍कूलों में शुरू हुई अल्‍पसंख्‍यक छात्रवृत्ति वितरण की जांच, उपायुक्‍त को सौंपा जाएगा प्रतिवेदन

झारखंड
Spread the love

योगेश कुमार पांडेय

गिरिडीह। जिले के जमुआ के विद्यालयों में अल्पसंख्यक छात्रों के छात्रवृत्ति वितरण की जांच की गई। राज्य में अल्पसंख्यक छात्रों के छात्रवृत्ति वितरण को लेकर गड़बड़ी की बात सामने आई है। इसकी जांच कराई जा रही है। इस संदर्भ में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के माध्यम से उपायुक्‍त जिले के संबंधित विद्यालयों की जांच करा रहे हैं।

जमुआ प्रखंड में गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार कर्मकार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राजेश कुमार आदि ने बाटी स्थित एसजेएम पब्लिक उच्च विद्यालय सह हॉस्टल और एफडीएम विद्यालय कुसैया में जाकर छात्रवृत्ति वितरण की जांच की। एसजेएम पब्लिक उच्च विद्यालय सह हॉस्टल में छात्रों की सूची का मिलान किया। लगभग 30 बच्चों से छात्रवृत्ति के बाबत पूछताछ की गई। पासबुक को देखा गया, जिसमें अधिकतर बच्चों का पासबुक बैंक अपडेट नहीं पाया गया। इसकी वजह से छात्रवृत्ति राशि भुगतान की वास्तविकता का पता स्पष्ट रूप से नहीं चल पाया।

विद्यालय के प्राचार्य दुलार वर्मा ने बताया कि उक्त विद्यालय में लगभग 102 बच्चों का छात्रवृत्ति के लिए आवेदन भरा गया था, जिसमें एनएसपी के माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा अल्पसंख्यक छात्रों को बच्चों के खाते में राशि दी गई है। जांच के दौरान फलक नवाज, फरहद परवीन, शाहिना खातून, शराफत अंसारी, नेहा परवीन, एमडी शाहबाज आलम, मोफिल अंसारी, परवेज अंसारी, शाहजहां अंसारी, साजिया प्रवीण, शराफत अंसारी, सगीर अंसारी आदि अल्पसंख्यक छात्रों से राशि भुगतान के बाबत पूछताछ की गयी। प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार कर्मकार ने विद्यालयों में प्रवेश पंजी, नामांकन पंजी, पासबुक, शौचालय, कमरा की संख्या ,विद्यालय में सुविधा की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। इस संदर्भ में पूछे जाने पर श्री कर्मकार ने बताया कि अल्पसंख्यक छात्रों के बीच छात्रवृत्ति वितरण की जांच संबंधित विद्यालयों में जाकर की जा रही है। जांच प्रतिवेदन गिरिडीह उपायुक्त को भेजा जाएगा।