बिहार के युवाओं ने सामाजिक कुरीति पर बनाई लघु फिल्म, जल्द होगी रिलीज

देश बिहार मनोरंजन
Spread the love

मुंगेर (बिहार)। अब भी कई सामाजिक कुरीतियां प्रचलित है। ऐसी ही एक सामाजिक कुरीति मृत्युभोज है। इस कुरीति के खिलाफ बिहार के मुंगेर जिले के युवाओं ने एक लघु फिल्म ‘मृत्युभोज सामाजिक अभिशाप’ बनाई है। यह लघु फिल्म मां मंजू फिल्म्स के बैनर तले बन रही है। इसके लेखक अभिजीत कुमार बाबा ने कहा कि वेब सीरीज के इस दौर में गांव के युवा सामाजिक कुरीतियों पर फिल्म बना कर समाज को जागरूक कर रहे हैं।

निर्देशक प्रिंस प्रिय ने कहा कि हमलोग इस फिल्म को शार्ट मूवी के रूप में बना रहे हैं। इंटरनेट पर रिलीज कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेंगे। इसकी शूटिंग पूरी कर ली गयी है। पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है।

फिल्म के निर्माता निपुंजय राज ने कहा कि अंगिका में फिल्म बनाकर हमलोगों को बताना चाहते हैं कि अंग प्रदेश की प्रमुख भाषा अंगिका है। इसे भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाए। फिल्म में मुंगेर के थिएटर कलाकार प्रशांत अधिकारी ने मुख्य किरदार निभाया है। मुख्य अभिनेत्री में पटना की नामचीन कलाकार सह मिस ब्राइडल पटना की विजेता प्रियंका सिंह ने काम किया है।

प्रसिद्ध हास्य अभिनेता संजीत संगम, वेदांत सुगम, पंकज विद्यार्थी, विशाल, अंजलि, बाल कलाकार एकता रानी ने भी अभिनय किया है। फिल्म में गीत-संगीत प्रख्यात सूफियाना गायक जॉन साहेब ने दिया है और एक गीत भी गाया है।